कार्यक्रम को लेकर रिहर्सल करते प्रतिभागी। स्रोत : प्रशासन
रेवाड़ी। जिलास्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह 15 अगस्त को नई अनाज मंडी में मनाया जाएगा। इसके मुख्य अतिथि हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजेश नागर मुख्य अतिथि होंगे। वे राष्ट्रीय ध्वजारोहण कर मार्च पास्ट का निरीक्षण करेंगे और परेड की सलामी लेंगे।
स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के लिए नई अनाज मंडी में अंतिम पूर्वाभ्यास किया गया। उपायुक्त अभिषेक मीणा ने समारोह स्थल पर परेड का निरीक्षण किया। उन्होंने मार्च पास्ट की सलामी भी ली।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा भी मौजूद रहे। उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने पूर्वाभ्यास के दौरान प्रस्तुत कार्यक्रमों की सराहना की। उपायुक्त अभिषेक मीणा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय पर्व है। जिला प्रशासन ने समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
समारोह गरिमा और उत्साह के साथ आयोजित होगा। जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। इन प्रस्तुतियों में अनेकता में एकता और राज्यों की सांस्कृतिक विरासत दिखेगी।
बावल और कोसली में उपमंडल स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह होंगे। बावल में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय परिसर में विधायक डॉ. कृष्ण कुमार ध्वजारोहण करेंगे। कोसली के राजीव गांधी स्टेडियम में विधायक अनिल कुमार यादव तिरंगा फहराएंगे। इन दोनों स्थानों पर समारोह का पूर्ण वेशभूषा पूर्वाभ्यास किया गया। इसमें परेड, मार्च पास्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का अभ्यास शामिल था।