कार्यकर्ताओं को संबोधित करते कैप्टन अजय सिंह यादव। स्रोत : प्रवक्ता
रेवाड़ी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव ने मॉडल टाउन स्थित अपने आवास पर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतदाता पुनरीक्षण पर ध्यान देने और फर्जी वोटों पर नजर रखने की अपील कार्यकर्ताओं से की।
उन्होंने कहा कि नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6, मतदाता सूची में संशोधन के लिए फॉर्म-7 और अपात्र एवं फर्जी मतदाताओं के नाम हटाने के लिए फॉर्म-8 के संबंध में लोगों को जागरूक करें और पूरी सतर्कता के साथ कार्य करें।शहरी क्षेत्रों में फर्जी वोटों और मतदाता सूची में होने वाली अनियमितताओं पर नजर रखना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सुनिश्चित करना चाहिए कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को तत्काल संबंधित अधिकारियों के संज्ञान में लाया जाए। कार्यकर्ता बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करें।
इस मौके पर ग्रामीण जिलाध्यक्ष सुभाष छाबडी, पूर्व अध्यक्ष हरीश सैनी, बीर सिंह प्रजापत, धनीराम, शकुंतला, ज्ञानी उर्फ राजेश यादव, देवकीनंदन, मुकेश ठाकुर, डालचंद मौजूद रहे।