लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक करती नशा मुक्ति टीम। स्रोत : पुलिस
बावल। नशा मुक्ति टीम की तरफ से वार्ड नंबर 10 में आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के खिलाफ जागरूक किया गया। निरीक्षक रामपाल ने कहा कि नशा शरीर, परिवार और समाज का शत्रु है। यह न केवल स्वास्थ्य को बर्बाद करता है बल्कि युवाओं का भविष्य भी अंधकारमय कर देता है। विद्यार्थी पढ़ाई, खेल और सपनों को साकार करने में मन लगाएं। नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रहो।
नशा शरीर ही नहीं, बल्कि जीवन और समाज के लिए भी जहर है। इसके साथ ही नशा मुक्ति टीम ने आमजन को साइबर अपराध के खतरों से भी अवगत कराया। उन्होंने बताया कि आजकल अपराधी फोन कॉल, सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से व्यक्तिगत जानकारी ओटीपी, पासवर्ड हासिल करने की कोशिश करते हैं।
ऐसे में सभी को सतर्क रहना चाहिए और किसी भी अनजान व्यक्ति से अपनी निजी जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। किसी भी साइबर ठगी होने पर साइबर राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें आपकी गोल्डन ऑवर में दी गई शिकायत पर ठगों के खातों में जाने से पहले उन्हें फ्रीज कराया जा सकता है।
इस दौरान आमजन को यातायात नियमों की भी जानकारी दी और कहा कि सड़क पर वाहन चलाते समय नियमों का पालन करना जरूरी है। हेलमेट, सीट बेल्ट का प्रयोग और यातायात संकेतों का पालन सुरक्षा के लिए अनिवार्य है ।
टीम ने कहा कि यदि कोई भी असामाजिक तत्व, संदिग्ध व्यक्ति या वाहन दिखाई दे या किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत डायल 112 पर इसकी सूचना दें। इसके अलावा नशा गतिविधियों की सूचना हेल्पलाइन नंबर 1933 पर करें। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।