सेक्टर-18 स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय।
- फोटो : Rewari
रेवाड़ी। जिले के कॉलेजों में आवेदनों के आधार पर पहली वरीयता सूची आज जारी की जाएगी। निदेशालय के शेड्यूल अनुसार 16 अगस्त से छह सितंबर तक चली आवेदन प्रक्रिया की अंतिम तारीख को कम आवेदन आने कारण दो बार बढ़ाया गया था।
जिले के 18 राजकीय, सरकारी अनुदान प्राप्त व निजी कालेजों की 9500 सीटों पर इस वर्ष करीब 22 हजार विद्यार्थियो के आवेदन आए हैं। यह पिछले वर्षों के मुकाबले अधिक हैं। हालांकि ग्रामीण क्षेत्र के कालेजों में सीटों के मुकाबले कम आवेदन हुए हैं। जबकि जिले के प्रमुख कालेजों में हर वर्ष की तरह इस साल भी मारामारी है। इनमें बीए व बीएससी कोर्सों में तीन गुना तक आवेदन आए हैं। जबकि अन्य कोर्सों में कम आवेदन हुए हैं। हालांकि निदेशालय की ओर से सीटें खाली रहने की स्थिति में ओपन काउंसिलिंग के माध्यम से सीटें भरने के लिए दोबारा से पोर्टल खोला जाएगा।
यह रहेगा दाखिले का शेड्यूल:
11 सितंबर को पहली मेरिट सूची जारी होगी, जोकि 15 सितंबर तक मान्य रहेगी। 11 से 15 सितंबर तक वरीयता सूची में शामिल विद्यार्थियों को फीस जमा करानी होगी। 17 सितंबर को दूसरी मेरिट सूची जारी होगी, जोकि 20 सितंबर तक मान्य होगी। 17 से 20 सितंबर तक दूसरी मेरिट सूची में शामिल विद्यार्थियों को फीस जमा करानी होगी। 22 सितंबर को खाली सीटें रहने की स्थिति में ओपन काउंसिलिंग के लिए पोर्टल खोला जाएगा।