रेवाड़ी। हरियाणा की स्वास्थ्य एवं आयुष मंत्री आरती सिंह राव ने मंगलवार को लघु सचिवालय सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा की। डीसी अभिषेक मीणा ने विकास कार्यों बारे में जानकारी दी। वहीं पत्रकारों से बातचीत में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि नए अस्पताल की फाइल तैयार हो रही है। जल्द ही इसका खुलासा किया जाएगा।
मंत्री आरती सिंह राव ने पत्रकारों से बातचीत में राहुल गांधी के वोट चोरी के आरोपों पर कहा कि कांग्रेस 10 वर्षों से सत्ता से बाहर है। अब कांग्रेस को दूसरों पर दोषारोपण करने के बजाय आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अब जनता का विश्वास जीतने के लिए अपनी नीतियों और कार्यशैली में सुधार करना होगा। पहले अपने आप में सुधार की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि नए अस्पताल की फाइल बन रही है। जल्द ही इसका खुलासा करूंगी। लिफ्ट में स्ट्रेचर के आने जाने को लेकर योजना तैयार की जा रही है। सचिवालय की मरम्मत होना बाकी है। यह कार्य भी जल्द होगा।
पशुओं को छोड़े जाने पर कहा कि 29 पशुपालकों को चिह्नित किया गया था, इन पर एक्शन भी लिया गया है। ये सभी पशु पालतू हैं। संबंधित पशु पालक को चेताया जाए और यदि फिर भी उक्त पशु पालक नहीं मानता है तो नियमानुसार कार्यवाही करना सुनिश्चित करें।
डेंगू के बढ़ने मामलों पर कहा कि स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से अलर्ट है। सभी सरकारी अस्पतालों को पहले ही तैयार रहने के निर्देश दिए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि अस्पतालों में पर्याप्त मात्रा में दवाइयां पहुंचा दी गई हैं। फॉगिंग कराने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
रेवाड़ी के उत्थान के लिए हैं सजग : आरती सिंह राव
आरती सिंह राव ने कहा कि वे रामपुरा गांव की बेटी हैं जो कि रेवाड़ी जिले में है। ऐसे में रेवाड़ी के उत्थान के लिए पूरी तरह से सदैव सजग हैं। उन्होंने कहा कि सभी विभागाध्यक्ष अपने कार्यालयों की सफाई रखना भी सुनिश्चित करें ताकि आने वाली 2 अक्टूबर तक हमारे जिला के शहरी क्षेत्रों सहित सभी सरकारी कार्यालय नए लुक में नजर आएं। अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले की सभी सड़कों की मरम्मत की जाए। उन्होंने शहर की नई आबादी में जलभराव की समस्या के उचित समाधान बारे जानकारी ली। जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि नई आबादी क्षेत्र में विभाग द्वारा पंप सेट इंस्टॉल किए गए हैं और अब जलभराव की समस्या नहीं आएगी। उन्होंने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को रेजांगला पार्क क्षेत्र से अतिक्रमण हटवाने के आदेश दिए।
योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्यों को करें पूरा
स्वास्थ्य मंत्री ने शहर के नाई वाली फ्लाईओवर के पास रामपुरा रोड पर होने वाले अतिक्रमण का समाधान करने और चौक का सुंदरीकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने रेहड़ियों को निर्धारित स्थान पर लगवाने का निर्देश नगर आयुक्त को दिया। मसानी बैराज को लेकर हुई समीक्षा में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जनस्वास्थ्य व सिंचाई विभाग मिलकर योजनाबद्ध तरीके से कार्य करें ताकि मसानी बैराज में साफ पानी आए और बैराज में एसटीपी का गंदा पानी न जाए। सोलहराही व बड़ा तालाब को पर्यटन की श्रेणी में रखते हुए इसका अच्छे से रखरखाव करने के निर्देश दिया। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां कहीं भी संबंधित विभाग निर्माण कार्य करता है तो उस प्रोजेक्ट की डिटेल एक बोर्ड पर संबंधित विभागीय अधिकारियों के नाम व फोन नंबर सहित साइट पर लगवाया जाए ताकि आमजन को भी उक्त प्रोजेक्ट बारे विस्तार से जानकारी मिल सके।