गांव महेश्वरी की गोयल कॉलोनी में कुत्ते को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी है।
शिकायत में गोयल कॉलोनी निवासी पवन कुमार ने बताया कि रविवार की रात करीब दस बजे वह अपने कुत्ते को गली में घुमा रहे थे। इसी दौरान गली में खड़े ओमकार व तीन अन्य लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। उन्होंने गाली देने का विरोध किया तो चारों ने मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर उनकी मां रानी मौके पर पहुंची और बीच-बचाव का प्रयास किया। आरोपियों ने उनकी मां के साथ भी मारपीट की। आरोपियों ने ईंट उठाकर उनके सिर में मारी जिससे वह घायल हो गए। घायल हालत में परिजनों ने दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
दूसरी ओर अपनी शिकायत में ओमकार ने बताया कि रात को वह अपनी पत्नी के साथ घर के बाहर बैठे हुए थे। इसी दौरान पवन अपना कुत्ता गली में घुमा रहा था। पवन का कुत्ता उनकी पत्नी पर भौंकने लगा। उन्होंने पवन को कुत्ते को वहां से ले जाने के लिए कहा तो झगड़ा शुरू कर दिया और उसके साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। दोनों पक्षों की शिकायत पर सेक्टर-छह थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। कुत्ते को लेकर हुई मारपीट का यह कोई पहला मामला नहीं है। सप्ताह भर पूर्व भी धारूहेड़ा के वार्ड नंबर 9 में दो पक्षों के बीच कुत्ता घुमाने को लेकर ही विवाद हो गया था। उक्त मामले में भी दो परिवारों के बीच खूनी संघर्ष हुआ था।