राजकीय महाविद्यालय खरखड़ा में कार्यक्रम के दौरान एकजुट स्टाफ। स्रोत : कॉलेज
धारूहेड़ा। राजकीय महाविद्यालय खरखड़ा में सोमवार को महिला प्रकोष्ठ की ओर से महिला स्वास्थ्य विषय पर व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस दौरान स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. श्वेता यादव ने छात्राओं को मासिक धर्म स्वच्छता, संतुलित पोषण, एनीमिया, हार्मोनल बदलाव और महिलाओं से जुड़ी विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
डॉ. श्वेता यादव ने छात्राओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, संतुलित आहार लेने और व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने और अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने से कई समस्याओं से बचाव किया जा सकता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. सिद्धांशु ने की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ महिला ही स्वस्थ परिवार और समाज की आधारशिला होती है। छात्राओं को अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देनी चाहिए तथा कार्यक्रम में प्राप्त जानकारी को अपने परिवार और समाज के अन्य लोगों तक भी पहुंचना चाहिए।
महिला प्रकोष्ठ की प्रभारी प्रीता कुमारी ने कार्यक्रम के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण और छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में प्रीता कुमारी ने मुख्य वक्ता, कार्यवाहक प्राचार्य, प्राध्यापकगण और छात्राओं का आभार व्यक्त किया।