गांव आरामनगर-कनूका में आयोजित कैंप में भाग लेती महिलाएं। स्त्रोत: ग्रामीण
रेवाड़ी। भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष एवं आरामनगर-कनुका के सरपंच जयवीर योगी के निवास पर दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत शिविर का आयोजन किया गया। इसमें ग्रामीण महिलाओं ने आवेदन किया। आवेदन में कमियों के कारण योजना की राशि प्राप्त नहीं कर पा रही महिलाओं की समस्याओं का समाधान कराने का भी प्रयास किया गया।
कैंप में सीपीएलओ नवीन ने महिलाओं के फॉर्म भरने और आवेदन प्रक्रिया पूरी करवाने में सहयोग किया। इस दौरान महिलाओं को योजना से संबंधित जानकारी भी दी गई, ताकि पात्र लाभार्थियों को सरकारी सहायता प्राप्त करने में परेशानी न हो।
जयवीर योगी ने कहा कि सरकार जनकल्याण और महिला सशक्तीकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। कोई भी पात्र महिला जानकारी के अभाव या आवेदन में कमी के कारण योजना के लाभ से वंचित न रहे, इसी उद्देश्य से कैंप लगाया गया। भविष्य में भी लोगों की समस्याओं के समाधान और पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए ऐसे प्रयास जारी रहेंगे।