किसानों को जानकारी देते कृषि अधिकारी। स्रोत : विभाग
कोसल। गांव मुंदड़ा में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की ओर से प्राकृतिक खेती मिशन के तहत प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। करीब 50 किसानों ने भाग लेकर प्राकृतिक खेती से जुड़ी आधुनिक तकनीकों, सरकारी योजनाओं तथा विपणन संबंधी जानकारियां प्राप्त कीं।
कार्यक्रम में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की ओर से डॉ. संजीत और सोमबीर ने किसानों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं और अनुदानों की जानकारी दी। उन्होंने किसानों से रासायनिक खेती पर निर्भरता कम कर प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान किया, ताकि खेती की लागत घटे और भूमि की उर्वरता भी बनी रहे।
शिविर में गांव बैरमपुर के प्रगतिशील किसान सुनील कुमार उर्फ विक्की यादव ने अपने अनुभव साझा करते हुए किसानों को प्राकृतिक खेती की विधियों, जैविक उत्पाद तैयार करने तथा उत्पादों की प्रोसेसिंग और मार्केटिंग के प्रभावी तरीकों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि यदि किसान संगठित होकर कार्य करें तो प्राकृतिक उत्पादों की बाजार में अच्छी मांग है और इससे बेहतर आय प्राप्त की जा सकती है।