उपायुक्त को ज्ञापन सौंपते शहरवासी । विज्ञप्ति
रेवाड़ी। शहर के सेक्टर चार स्थित राजकीय कन्या प्राथमिक पाठशाला के खाली भवन को गुपचुप तरीके से एक एनजीओ को देने के विरोध में रोष फैलता जा रहा है। शहर के शिक्षाविदों ने उपायुक्त मोहम्मद इमरान रजा से मुलाकात की तथा मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नाम ज्ञापन भी सौंपा।
शिक्षाविदों ने स्पष्ट कर दिया कि वह किसी भी कीमत पर बेटियों के स्कूल के भवन को यूं निजी संस्था के हवाले नहीं करने देंगे। अगर सरकार नहीं जागी तो क्षेत्र की जनता सड़क पर उतरेगी और आंदोलन करने के साथ ही धरना भी शुरू होगा।
यादव कल्याण सभा प्रधान रामबीर यादव, पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी धर्मबीर बल्डोदिया, पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी जसवंत सिंह यादव, सेवानिवृत्त एसोसिएट प्रोफेसर सतीश यादव, लीड बैंक पूर्व प्रबंधक नरपाल सिंह यादव, प्रो. रणबीर सिंह यादव, पूर्व प्राचार्य डा. आरके शर्मा सहित अन्य लोगों ने ज्ञापन सौंपकर इस पर त्वरित कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि तमाम कानून का उल्लंघन करते हुए एनजीओ को सरकारी स्कूल का भवन लीज पर दे दिया गया। इतना ही नहीं सरकारी जमीन पर एनजीओ निर्माण कार्य भी कर रही है। यह कदम पूरी तरह गैर कानूनी, असंवैधानिक और बेटियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।
सरकुलर रोड स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जगह की कमी के कारण छात्राओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में यह भवन छात्राओं को ही मिलना चाहिए। छात्राओं को अपना विद्यालय मिलता है तो बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा सार्थक होगा। सभी प्रबुद्धजनों ने क्षेत्र और छात्राहित में सरकार से गंभीरता से छात्राओं का विद्यालय भवन को वापस देने की मांग की। उपायुक्त मोहम्मद इमरान रजा ने इस मामले को मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाकर उचित समाधान कराने का आश्वासन दिया।