लाइन बदलने के दौरान झुलसा युवक। संवाद
रेवाड़ी। बिजली लाइन पर कार्य के दौरान करंट लगने से मंगलवार शाम कालाका रोड स्थित केएलपी कॉलेज के पीछे एक ठेकेदार का कारिंदा झुलस गया। घायल को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
बिजली निगम द्वारा ठेकेदार को लाइन बदलने का कार्य सौंपा गया था। मंगलवार शाम को कार्य के दौरान ठेकेदार का कारिंदा प्रिंस खंभे पर चढ़कर बिजली लाइन पर काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक बिजली सप्लाई आ गई, जिससे वह करंट की चपेट में आ गया।
करंट लगते ही जोरदार धमाका हुआ और प्रिंस गंभीर रूप से झुलस गया। उसे तुरंत खंभे से नीचे उतारकर अस्पताल ले जाया गया। यह भी बताया जा रहा है कि जिस समय हादसा हुआ, उस समय लाइन पर कार्य करने का परमिट नहीं था।
बिजली निगम के एसडीओ जतिन कुमार ने बताया कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसमें किसकी लापरवाही रही, इसकी जांच की जा रही है। एसडीओ ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।