रेवाड़ी। गांव जीवड़ा स्थित शहीद सत्य प्रकाश शर्मा राजकीय प्राथमिक विद्यालय में वार्षिकोत्सव और सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसमें मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
मास्टर बलबीर सिंह की 13वीं पुण्यतिथि पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों हिमांशी, युग, जतिन सैनी, प्रियांशी, आरिफ अली और हर्ष को मास्टर बलबीर सिंह-रेवती देवी सम्मान प्रदान किया गया। विद्यार्थियों को प्रशंसा पत्र, नकद राशि और शैक्षणिक सामग्री देकर सम्मानित किया गया। सभी बच्चों को कॉपियां, पुस्तकें एवं अन्य शिक्षण सामग्री वितरित की गईं।
प्राध्यापक हर्ष कुमार ने कहा कि शिक्षा ही समाज की वास्तविक शक्ति है और जरूरतमंद विद्यार्थियों की सहायता करना सबसे बड़ा पुण्य कार्य है। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने तथा जीवन में ऊंचे लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया। ये आयोजन मुख्य अध्यापिका राधा रानी की अध्यक्षता में प्रगतिशील शिक्षक परिवार की तरफ से किया गया।
विद्यालय परिवार और ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का कार्य करते हैं। कार्यक्रम में स्वर्गीय बलबीर सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके आदर्शों को याद किया गया।
इस अवसर पर ग्राम सरपंच जसवंत सिंह नंबरदार, सूबेदार सतबीर सिंह, राजवीर बोहरा, गौरव, मास्टर प्रदीप, सुशीला देवी, कांता देवी, निर्मला देवी, कविता, नरेश उपस्थित रहे।