रेवाड़ी। डीएसपी कोसली विद्यानंद ने टीम के साथ गांव ऊष्मापुर व मस्तापुर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।
इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को साइबर अपराध और नशे से बचने के लिए जागरूक किया। इस मौके पर थाना रोडहाई प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार विशेष रूप से मौजूद रहे। डीएसपी ने कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखना हमारी जिम्मेदारी है। अपराध पर अंकुश, महिला सुरक्षा, नशे पर रोकथाम करना प्राथमिकता है। नशा समाज का साझा दुश्मन है, इसलिए समाज से नशे को पूरी तरह से समाप्त करने के लिए सभी लोग अपनी महत्वपूर्ण जिम्मेवारी निभाएं। समाज से नशे को पूर्ण रूप से खत्म करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को नशे के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम में अपनी अहम भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी। युवाओं को विभिन्न खेल गतिविधियों तथा कार्यक्रमों के माध्यम से नशे के खिलाफ जागरूक भी किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अभियान में अनेक नशा ग्रस्त युवकों ने नशा छोड़ने की पहल भी की है, जिनका स्थानीय प्रशासन की मदद से इलाज करवाकर उन्हें फिर से समाज की मुख्यधारा में शामिल किया गया है। कहा कि नशा बेचने वालों की असली जगह जेल है।