रेवाड़ी। रोडवेज बस को रात में निर्धारित स्थान नारनौल की जगह कुंड में खड़ी करने पर चालक और परिचालक को रोडवेज डिपो के महाप्रबंधक निरंजन कुमार ने निलंबित कर दिया। नारनौल बस अड्डा इंचार्ज की रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई।
पहले बस का रात्रि ठहराव कुंड बस अड्डे पर होता था। करीब एक माह पहले विभाग ने व्यवस्था में बदलाव कर बस का ठहराव नारनौल निर्धारित कर दिया था। इसके बावजूद कर्मचारियों ने बस को नारनौल ले जाने के बजाय कुंड में खड़ा कर दिया।
दोनों कर्मचारियों का कहना है कि रात्रि ठहराव के लिए जाते समय कुंड में बस खराब हो गई थी, इसलिए उसे वहीं खड़ा करना पड़ा। हालांकि, विभाग का आरोप है कि बस खराब होने की सूचना न तो नारनौल बस अड्डा इंचार्ज को दी गई और न ही मुख्यालय को इसकी जानकारी दी गई।
निर्धारित स्थान पर रात्रि ठहराव के लिए कर्मचारियों को नाइट भत्ता और अन्य सुविधाएं दी जाती हैं। दोनों कर्मचारी रोडवेज कर्मचारी यूनियन के प्रधान और सचिव बताए जा रहे हैं।
जीएम निरंजन कुमार ने कहा कि निर्धारित स्थान की बजाय कुंड में बस खड़ी करने पर दोनों को सस्पेंड किया गया है। यदि बस खराब हुई थी तो इसकी सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को देनी चाहिए थी। ड्यूटी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।