रेवाड़ी। जिले के सरकारी, एडेड और स्ववित्त पोषित महाविद्यालयों में स्नातक प्रथम वर्ष में दाखिले के लिए अभ्यर्थियों के दस्तावेजों के ऑनलाइन सत्यापन का अंतिम दिन सोमवार को रहा। अब विद्यार्थी मेरिट सूची जारी होने और दाखिला प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं।
महाविद्यालय स्तर पर प्रवेश संबंधी तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। उच्चतर शिक्षा विभाग के शेड्यूल के अनुसार पहली प्रोविजनल मेरिट सूची 26 जून को जारी की जाएगी। पहली फाइनल मेरिट सूची 27 जून को जारी होगी। मेरिट सूची में चयनित अभ्यर्थियों को मोबाइल संदेश के माध्यम से सूचना दी जाएगी।
इसके बाद विद्यार्थी 28 जून से 1 जुलाई तक निर्धारित प्रवेश शुल्क जमा कर अपनी सीट सुनिश्चित कर सकेंगे। विभाग के अनुसार निर्धारित अवधि में शुल्क जमा नहीं करने वाले अभ्यर्थियों का प्रवेश स्वत: निरस्त माना जाएगा। शुल्क जमा करने के बाद विद्यार्थियों को महाविद्यालय में आवश्यक दस्तावेजों की प्रतियां जमा करानी होंगी।
इन दस्तावेजों में पासपोर्ट आकार की फोटो, हस्ताक्षर की स्कैन प्रति, 10वीं और 12वीं की अंकतालिकाएं, माइग्रेशन प्रमाण पत्र (हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अलावा अन्य बोर्डों के विद्यार्थियों के लिए), चरित्र प्रमाण पत्र, एनसीसी, एनएसएस एवं खेल प्रमाण पत्र (जहां लागू हो), निवास प्रमाण पत्र, ईडब्ल्यूएस, एससी या बीसी श्रेणी के विद्यार्थियों के लिए आय एवं आरक्षण प्रमाण पत्र तथा गैप ईयर होने की स्थिति में शपथ पत्र (एफिडेविट) शामिल हैं।
कॉलेजों में इस बार अपेक्षा से कम आवेदन प्राप्त हुए हैं। कई संस्थानों में कुल सीटों के मुकाबले केवल 50 प्रतिशत तक ही आवेदन पहुंचे हैं। बीए प्रथम वर्ष, बीएससी (फिजिकल साइंस) और बीकॉम की बड़ी संख्या में सीटें उपलब्ध हैं। आवेदन कम होने के कारण अधिकांश सीटें ओपन काउंसिलिंग के माध्यम से भरे जाने की संभावना है।
दूसरी मेरिट सूची 2 जुलाई को होगी जारी
पहले चरण की प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद रिक्त सीटों के आधार पर दूसरी प्रोविजनल मेरिट सूची 2 जुलाई को जारी की जाएगी जबकि दूसरी फाइनल मेरिट सूची 3 जुलाई को प्रकाशित होगी। दूसरी मेरिट सूची में चयनित विद्यार्थियों को 4 से 7 जुलाई तक फीस जमा कराने का अवसर मिलेगा। यदि इसके बाद भी सीटें खाली रहती हैं, तो उन्हें भरने के लिए 9 जुलाई से ओपन काउंसिलिंग शुरू की जाएगी। नए आवेदनों के लिए 10 जुलाई से प्रवेश पोर्टल दोबारा खोला जाएगा। विद्यार्थी 11 से 17 जुलाई तक 100 रुपये विलंब शुल्क के साथ आवेदन कर सकेंगे। वहीं 18 से 24 जुलाई तक आवेदन करने वालों को 100 रुपये लेट फीस के अतिरिक्त 100 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से अतिरिक्त शुल्क देना होगा।
वर्जन
प्रवेश प्रक्रिया निर्धारित शेड्यूल के अनुसार संचालित की जा रही है। अभ्यर्थियों को समय पर शुल्क जमा कर आवश्यक दस्तावेज महाविद्यालय में जमा कराने होंगे। आवेदन कम प्राप्त होने के कारण रिक्त सीटों को भरने के लिए ओपन काउंसिलिंग की व्यवस्था की गई है।-दयावती, उप-प्राचार्य, राजकीय महाविद्यालय खरखड़ा।