रेवाड़ी। जिला युवा एवं खेल विभाग व औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के सहयोग से जिला युवा महोत्सव का आयोजन अब 6 व 7 नवंबर को आयोजित किया जाएगा। पहले यह आयोजन 29 व 30 अक्तूबर को आयोजित किया जाना था लेकिन कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण निदेशालय के निर्देशानुसार अब यह आयोजन 6 व 7 नवंबर को करवाया जाएगा।
डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि युवा महोत्सव में जिला के पॉलीटेक्निक, विद्यालयों व महाविद्यालयों के अलावा कोई भी 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकते हैं। दो दिवसीय युवा महोत्सव में विभिन्न सांस्कृतिक, कलात्मक एवं बौद्धिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें चित्रकला, लोक नृत्य, गायन, लोक गायन समूह, विज्ञान प्रदर्शनी, कविता लेखन, भाषण, आदि विधाएं शामिल हैं।
डीसी ने बताया कि इस महोत्सव में प्रतिभागी बनने के लिए 15 से 29 वर्ष तक आयु वर्ग के युवक-युवतियां जिले की किसी भी राजकीय आईटीआई में अब 4 नवंबर तक पंजीकरण करवा सकते हैं। प्रतिभागी को रजिस्ट्रेशन फॉर्म के साथ आधार कार्ड, फैमिली आईडी, फोटो व बैंक खाता की प्रति लाना अनिवार्य हैं। उन्होंने बताया कि पटौदी रोड स्थित राजकीय आईटीआई रेवाड़ी में युवा महोत्सव को लेकर हेल्प डेस्क भी बनाई गई है।
डीसी ने बताया कि विजेताओं को प्रथम पुरस्कार के रूप में 3100, द्वितीय पुरस्कार में 2100 और तृतीय पुरस्कार स्वरूप 1100 रुपये नकद दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि यह जिला युवा महोत्सव युवाओं की प्रतिभा, रचनात्मकता और सामाजिक चेतना को निखारने का एक सुनहरा अवसर है। अधिक से अधिक युवा इस आयोजन में भाग लेकर अपने हुनर का प्रदर्शन करें।
जिला युवा महोत्सव जिले के युवाओं को अपनी प्रतिभा, सृजनशीलता और आत्मविश्वास को प्रदर्शित करने का एक उत्कृष्ट अवसर प्रदान करेगा। यह मंच न केवल कला और संस्कृति को बढ़ावा देगा बल्कि युवाओं में नेतृत्व और सामाजिक जागरूकता की भावना भी विकसित करेगा।