संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिलास्तरीय गणित ओलंपियाड की परीक्षा अप्रैल के दूसरे सप्ताह में कराई जाएगी। राजकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को गणित ओलंपियाड की तैयारी कराई जाएगी। इसके लिए परीक्षा का स्ट्रक्चर, योग्यता पाठ्यक्रम का शेड्यूल जारी किया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को जिला स्तरीय गणित ओलंपियाड (डीएलएमओ) में जागरूकता और अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने और चयनित छात्रों के लिए मुफ्त कोचिंग देने बारे में निर्देश जारी किए हैं। इसका उद्देश्य छात्रों में गणितीय प्रतिभा की पहचान करना और उन्हें विकसित करना, उन्हें हरियाणा गणित ओलंपियाड, राष्ट्रीय गणित ओलंपियाड और अंतरराष्ट्रीय गणित ओलंपियाड जैसी उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।
गणित ओलंपियाड के लिए गुरुग्राम में 20 से 22 मार्च तक तीन दिवसीय राज्यस्तरीय प्रशिक्षण हुआ था जिसमें जिले के चार शिक्षक शामिल थे। प्रशिक्षण लेकर आए इन शिक्षकों ने डायट में अन्य शिक्षकों को प्रशिक्षित किया था। अब सभी राजकीय विद्यालय में प्रशिक्षित शिक्षक विद्यार्थियों को गणित ओलंपियाड की तैयारी कराएंगे।
दो स्तर पर होगी ओलंपियाड परीक्षा
जिलास्तरीय गणित ओलंपियाड परीक्षा में कुल 40 प्रश्न पूछे जाएंगे। इनमें से पहले 35 प्रश्न बहुविकल्पीय (प्रत्येक में 4 विकल्प) और प्रश्न 36 से 40 तक एक अंकीय उत्तर प्रकार (संख्यात्मक प्रतिक्रिया) के होंगे। परीक्षा की अवधि 60 मिनट होगी। परीक्षा दो स्तर पर होगी। लेवल-1 में कक्षा 12वीं के विद्यार्थी तथा लेवल-2 में कक्षा 9वीं, 10वीं और 11वीं के विद्यार्थी शामिल होंगे। लेवल-1 में कक्षा 9वीं, 10वीं और 11वीं के गणित पर आधारित तथा लेवल-2 में कक्षा 6वीं, 7वीं और 8वीं के बेसिक गणित पर आधारित प्रश्न होंगे।
-
वर्जन
अप्रैल के दूसरे सप्ताह में जिलास्तरीय गणित ओलंपियाड परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए जिला शिक्षा विभाग ने स्ट्रक्चर, योग्यता पाठ्यक्रम का शेड्यूल जारी किया गया है। इससे विद्यार्थियों का गणित शिक्षा का स्तर सुधरेगा।-डॉ. अशोक नामवाल, डीएमएस रेवाड़ी।