फोटो 3: फुटपाथ पर लगी दुकानों पर गर्म कपड़ों की खरीदारी करती महिला: संवाद
रेवाड़ी। शहर में ठंड का मौसम दस्तक दे चुका है और इसका असर बाजारों में साफ दिख रहा है। ट्रैक सूट की मांग अचानक बढ़ गई है। शहर के अलग-अलग बाजारों और मुख्य सड़कों पर दुकानदारों ने स्टॉल सजाए और ग्राहकों को आकर्षित करने में जुट गए हैं।
दुकानदारों का कहना है कि इस मौसम में लोग गर्म कपड़ों की तरफ जल्दी रुख करते हैं इसलिए ट्रैक सूट की मांग हर साल इस समय में बढ़ जाती है। ग्राहक अपनी पसंद और रंग-डिजाइन के हिसाब से खरीद रहे हैं। दुकानदारों ने हल्के और गर्म दोनों तरह के ट्रैक सूट स्टॉक में रखे हैं जो इस बार खास तौर पर लोकप्रिय हो रहे हैं।
मौजूदा समय में शहर में ट्रैक सूट की कीमतें 600 से 1500 रुपये तक है। व्यापारी बता रहे हैं कि आने वाले दिनों में मांग और भी बढ़ सकती है। युवा वर्ग, कॉलेज और फिटनेस प्रेमी अपने लिए नए डिजाइन के ट्रैक सूट लेने बाजार में जुटे हैं।
बाजार में ट्रैक सूट की बढ़ती मांग ने न सिर्फ दुकानदारों की उम्मीदें बढ़ा दी हैं बल्कि खरीदारी का माहौल भी बेहतर कर दिया है। दुकानदारों के अनुसार, लोग क्वालिटी और कीमत दोनों देख कर खरीदारी कर रहे हैं। हर स्टॉल पर हलचल बनी रहती है और ग्राहक अपनी पसंदीदा चीज लेने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे।
ठंड के मौसम के शुरू होते ही स्टॉल पर रौनक
बावल रोड पर स्टॉल लगाए दुकानदार रवि कुमार ने बताया कि जैसे ही ठंड आती है, ग्राहक ऊनी कपड़े लेने बाजार आते हैं। हर साल इसी समय ट्रैक सूट की मांग बढ़ जाती है। उन्होंने हल्के और गर्म दोनों तरह के ट्रैक सूट स्टॉक में रखे हैं। ग्राहक रंग, डिजाइन और कीमत देखकर खरीदारी कर रहे हैं। आने वाले दिनों में बिक्री और बढ़ेगी। वह अपने ट्रैक सूट यूपी के मुजफ्फरपुर से लाते हैं। लोग बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों के लिए खरीदारी कर रहे हैं। स्टॉक में विभिन्न रंग और डिजाइन के ट्रैक सूट उपलब्ध हैं ताकि हर ग्राहक अपनी पसंद के अनुसार चुन सके।