घटनास्थल पर कार्रवाई करती पुलिस
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के रेवाड़ी में घंटेश्वर मंदिर के निकट बुधवार की रात को कुछ बदमाशों ने एक युवक की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी। हत्या करने से पूर्व बदमाशों ने युवक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। छोटी दिवाली की रात को हुई हत्या की वारदात का पता लगने के बाद पुलिस विभाग में भी हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार व डीएसपी मोहम्मद जमाल ने भी बाजार में पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मोहल्ला बल्लुवाड़ा निवासी अमित शहर में ही टेंपो चलाता था तथा चाट की दुकान पर काम भी करता था। बुधवार की रात को अमित दिवाली की मिठाई लेकर अपने घर पहुंचा था। मिठाई स्वजन को देने के बाद अमित खरीदारी के लिए बाजार में चला गया। रात को करीब 10:30 बजे शहर के मुख्य बाजार में 8-10 लोगों ने अमित के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें : पंजाबी गायक बब्बू मान पहुंचे कुंडली बॉर्डर: बोले- किसानों की मांगे पूरी नहीं हुई तो बीजेपी को चुनावों में भुगतना पड़ेगा परिणाम
हमलावरों से बचने के लिए अमित दौड़कर घंटेश्वर मंदिर के निकट पहुंच गया। हमलावरों के सिर पर खून सवार था। उन्होंने घंटेश्वर मंदिर के निकट अमित को पकड़ लिया तथा जमकर पिटाई की। हमलावरों से खुद को छुड़ाकर अमित मंदिर के बगल वाली गली में छिप गया लेकिन बदमाश वहां पर भी पहुंच गए। बदमाशों ने अमित की छाती में चाकू से वार किया।
चाकू लगते ही अमित अचेत होकर सड़क पर गिर पड़ा। अमित के बेसुध होने पर बदमाश वहां से भाग निकले। बाजार में से ही गुजर रहे कुछ लोगों ने जब अमित को लहूलुहान हालत में देखा तो तुरंत ही उसे ट्रामा सेंटर पहुंचाया। ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया।