रामपुरा थाना क्षेत्र के गांव चांदावास के पास वाहन की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया।
बाइक सवार दंपति अपने भतीजे की शादी की तैयारी में जुटे थे और सामान खरीदकर गांव वापस लौट रहे थे। सूचना के बाद रामपुरा पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के साथ ही पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
जानकारी के अनुसार खुशपुरा निवासी केवल कृष्ण के परिवार में 22 नवंबर को भतीजे की शादी है। केवल कृष्ण व उसकी पत्नी (32) राजबाला शादी समारोह का सामान लेने बीती दोपहर रेवाड़ी पहुंचे थे।
रेवाड़ी से अपने गांव लौटते समय यह हादसा हुआ। हादसे के बाद परिवार के लोग सदमे में है। इसी दौरान गांव चांदावास के पास पीछे से आ रहे एक वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
इस हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने लहूलुहान दंपति को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर भिजवाने के साथ ही मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी।
ट्रॉमा सेंटर में चिकित्सकों ने राजबाल को मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद रामपुरा पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।