रेवाड़ी में टिकट लेकर बस में सवार हुई दिल्ली पुलिस की महिला कॉन्स्टेबल के गहने चोरी हो गए। तीन शातिर युवक मदद का हाथ आगे बढ़ाकर उसके साथ बस में सवार हुए थे। इसके बाद बैग पर ब्लेड मारकर गहने निकाल लिए। बस स्टैंड चौकी पुलिस ने चोरी का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार
मिली जानकारी के अनुसार, महेंद्रगढ़ जिले के अटेली निवासी नीलम दिल्ली पुलिस में कॉन्स्टेबल के पद पर कार्यरत है। शुक्रवार देर शाम वह दिल्ली से अटेली जाने के लिए रेवाड़ी पहुंची थी। रेवाड़ी बस स्टैंड पर पहुंचने के बाद उसे अटेली की बस में सवार होना था। बूथ पर बस लगी हुई थी। उसके पास एक बड़ा बैग था। तभी एक शातिर युवक उसके पास पहुंचा। भीड़ होने पर शातिर युवक ने नीलम को कहा कि बस में बैठ जाओ, बैग मैं पकड़ा देता हूं।
महिला ने आनन-फानन में शोर मचाया
इसके बाद नीलम बस में बैठ गई। पीछे-पीछे शातिर युवक व उसके दो साथी भी बस में सवार हो गए। तीनों नीलम की पीछे वाली सीट पर बैठे हुए थे। तभी नीलम के पास घर से फोन आया कि उसका भाई कार लेकर आ रहा है। नीलम के पास फोन आने पर शहर के नाईवाली चौक पर बस से उतर गई। उसने अपना बैग देखा तो चेन के पास से कटा हुआ था। उसने आनन-फानन में शोर मचाया, लेकिन तब तक बस आगे निकल चुकी थी।
सीसीटीवी फुटेज भी चेक किए जा रहे
उसने बैग चेक किया तो उसमें रखी सोने की 1 चेन, मंगलसूत्र, अंगूठी, पायल, लोंग व अन्य गहने गायब मिले। नीलम ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद बस स्टैंड चौकी पुलिस ने अज्ञात लोगों पर केस दर्ज कर लिया है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज भी चेक किए जा रहे है, जिससे बदमाशों का पता लगाया जा सके।