शहर के आजाद चौक पर बाइक सवार बदमाशों ने बृहस्पतिवार देर रात एक युवक पर फायर झोंक दिया। गोली युवक के पैर में लगी। इसके बाद बदमाश बाइक लेकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपी युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार कुतुबपुर निवासी हितेश बृहस्पतिवार रात आजाद चौक के निकट रहने वाले अपने दोस्त पवन उर्फ पंजी के घर आया हुआ था। दोनों घर के बाहर बात कर रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर आए तीन बदमाशों ने फायरिंग कर दी। गोली हितेश के पैर में लगी और बदमाश फरार हो गए।
सूचना के बाद सिटी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। युवक को तुरंत ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां से उसे रैफर कर दिया गया। निजी अस्पताल में ऑपरेशन के बाद युवक के पैर से गोली निकल दी गई है। पुलिस ने हितेश की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पीड़ित का आरोप एफआईआर तक नहीं दी
पीड़ित हितेश ने आरोप लगाया कि उन्होंने कुछ लोगों के नाम अपने बयान में दर्ज कराए हैं, लेकिन पुलिस ने उन्हें नामजद नहीं किया। पुलिस से जब एफआईआर की कॉपी लेनी चाही तो वो भी पुलिस ने नहीं दी। जबकि पुलिस ने पीड़ित के आरोप को सिरे से नकार दिया।
--------
मामले में पीड़ित के बयान के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। हुलिये के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है।
-हितेंद्र सिंह, एसएचओ, सिटी थाना