रेवाड़ी में बेखौफ बदमाशों ने मंगलवार रात एक बार फिर हाइवे पर बड़ी वारदात को अंजाम दिया। हथियारबंद पांच-छह बदमाशों ने देर रात एनएच-8 पर गांव जलियावास के पास इनोवा कार रुकवाकर राजस्थान के जयपुर में रहने वाले दंपति और किराए की कार के चालक से नकदी और मोबाइल के साथ कार भी लूट ली। कसौला थाना पुलिस ने चालक की शिकायत पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली एयरपोर्ट छोड़कर लौट रहे थे वापस
जानकारी के अनुसार राजस्थान के जयपुर निवासी टीकम गोस्वामी अपनी पत्नी रेखा के साथ बेटे को कार से छोड़कर जयपुर वापस लौट रहे थे। कार जयपुर के ही स्वरूप नगर मोहल्ला निवासी मेहर सिंह से किराए पर ली गई थी। अभी वे दिल्ली-जयपुर हाइवे पर गांव जलियावास के पास ही पहुंचे थे कि पिस्तौल के बल पर बदमाशों ने कार को रुकवा लिया।
हजारों की नकदी के साथ मोबाइल और कार भी लूटी
बदमाशों ने कार रुकवाकर चालक मेहर सिंह से मोबाइल और 2800 रुपये और गोस्वामी दंपति से करीब 18 हजार रुपये लूट लिए और सभी को जबरन कार से उतारकर इनोवा लेकर भाग गए। बदमाशों के जाने के बाद पीड़ित दंपति और कार चालक ने किसी तरह पुलिस से संपर्क किया। मामले की सूचना मिलने पर क्षेत्र के आसपास पुलिस ने नाकाबंदी की। लेकिन काफी प्रयास के बावजूद बदमाशों का पता नहीं चल सका। बाद में पुलिस ने कार चालक मेहर सिंह की शिकायत पर अज्ञात 5-6 बदमाशों के खिलाफ लूट, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीड़ितों से बदमाशों का हुलिया पता कर खोजबीन शुरू कर दी गई है।
राजेश कुमार, जांचकर्ता, कसौला थाना