ट्रांसफॉर्मर में अचानक आग लगी
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़ रोड़ स्थित गांव औंलात की बाल्मीकि बस्ती में लगे एक ट्रांसफॉर्मर में रविवार दोपहर अचानक आग लग गई। आग लगने से घरों की बिजली सप्लाई ठप हो गई और कई घरों में बिजली उपकरण भी खराब हो गए। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी बिजली निगम कर्मियों को दी। घंटों बाद मौके पर पहुंचे एक लाइनमैन ने ट्रांसफार्मर की स्थिति का जायजा लिया और सोमवार को ठीक कर देने का बात कही है। लाइनमैन ने बताया कि टंकी में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी है।
वहीं ग्रामीणों का कहना है कि उनके घरों में तो बिजली सप्लाई ठप हो गई है। ऐसे में उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दूसरी ओर यह ट्रांसफार्मर गांव के स्कूल के समीप स्थित है। रविवार की छुट्टी होने कारण स्कूल में बच्चे भी नहीं थे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। ग्रामीणों ने बिजली कर्मियों के लचर रवैये को लेकर रोष प्रकट किया है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली निगम द्वारा कभी भी नियमित रूप से ट्रांसफार्मरों की जांच नहीं की जाती है, जिसके चलते शॉर्ट सर्किट जैसी समस्या उत्पन्न होती है। ऐसे में खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ता है।
आग लगने वाली बात मेरे संज्ञान में नहीं थी, ऐसा हुआ है तो जेई से बात करके ट्रांसफार्मर को तुरंत ठीक कराया जाएगा और बिजली सप्लाई सुचारू की जाएगी।
कपूर सिंह, एसडीओ, बुडौली सब स्टेशन