एनएच-8 पर जयसिंहपुर खेड़ा स्थित आरके फीलिंग स्टेशन के दो कर्मियों से बीती 22 सितंबर को हुई लूट के मामले में पुलिस ने पूरे 27.22 लाख रुपये रिकवर कर लिए हैं। डीएसपी मो. जमाल ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान बताया कि मामले में अब तक पकड़े गए आरोपियों में से चार को पेश किया गया है, जबकि एक्सीडेंट में घायल एक आरोपी का इलाज चल रहा है।
पुलिस ने सोमवार सुबह पुलिस रिमांड पर चल रहे आरोपी अरविन्द, सुखबीर तथा धनराज की निशानदेही पर लूट कर ले गए कैश में से छिपा कर रखे गए 3 लाख 8 हजार रुपये बरामद करने के अलावा गिरफ्तार आरोपी मनोज से शाम को 3 लाख 12 हजार रुपये बरामद किए हैं। इस तरह लूटी हुई पूरी रकम आरोपियों के कब्जे बरामद कर लिया गया है तथा वारदात में प्रयोग की गई कार भी बरामद की है।