रेवाड़ी। लाखों रुपये की बीयर तस्करी खुद जिले में शराब और बीयर की थोक बिक्री करने वाला अंग्रेजी शराब ठेकेदार कराता था। 23 अप्रैल को एनएच-8 पर पकड़ी गईं 38 लाख रुपये की बीयर के मामले में हुई जांच में यह बात सामने आई है। सीआईए ने रोहतक के सेक्टर-1 निवासी शराब ठेकेदार रविंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।
बता दें कि 23 अप्रैल को सीआईए धारूहेड़ा की टीम ने रेवाड़ी के रास्ते गुजरात भेजी जा रही करीब 38 लाख रुपये की बीयर एक ट्रक से दिल्ली-जयपुर हाईवे पर निखरी कट के निकट से बरामद की थी। पुलिस ने ट्रक के चालक व परिचालक को हिरासत में लिया था और तलाशी के दौरान ट्रक से 1591 पेटी बीयर की बरामद हुई थी।
ट्रक में भरे माल के बिल भी एक नामी कंपनी के नाम से फर्जी बनाए हुए थे। जांच करने पर ट्रक पर लगी हुई नंबर प्लेट भी फर्जी पाइ गई थी। पूछताछ में आरोपियों ने बताया था कि लाखों रुपये की बीयर रविन्द्र कुमार के सोनीपत स्थित अंग्रेजी शराब के गोदाम से भरकर तस्करी के जरिए गुजरात ले जाई जा रही थी। उसके बाद से ही पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। बुधवार शाम पुलिस ने रविंद्र को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को पुलिस ने रिमांड पर लिया है।