शहर के उत्तम नगर में गैंग रेप मामले में पुलिस कर्मी एवं एक अन्य की गिरफ्तारी होने के बाद महिला द्वारा बताए मास्टर एवं नेता की पुलिस द्वारा पहचान कर ली गई है। हालांकि अभी भी दोनो आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
महिला थाना एसएचओ उमेश बाला ने बताया कि मास्टर के नाम से फिदेड़ी निवासी नरेंद्र एवं नेता के रूप में भाकली निवासी सुनील का नाम सामने आया है। बताया जा रहा है कि एक अन्य आरोपी एवं उक्त दोनों आरोपी प्रापर्टी डिलिंग का काम करते हैं। यह तीनों अभी फरार हैं लेकिन गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
बता दें 18 मार्च को एसपी संगीता कालिया ने स्वयं कार्रवाई करते हुए महिला की शिकायत पर एक पुलिस कर्मी सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया था। महिला ने पुलिस को दिए गए बयान में एक नेता एवं एक मास्टर का नाम भी लिया था। गौरतलब है कि पुलिस कर्मी एवं एक अन्य 14 दिन की न्यायिक हिरासत में है।
यह था पूरा मामला..........
गुड़गांव में बुटीक चलाने वाली राजस्थान निवासी एक युवती ने रेवाड़ी में कार्यरत एक पुलिस कर्मी सहित पांच लोगों के खिलाफ नशीला पदार्थ खिलाकर उत्तम नगर स्थित एक मकान में बंधक बनाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। एसपी संगीता कालिया ने महिला की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की थी। जिसमें पुलिस कर्मी सहित एक अन्य को गिरफ्तार कर लिया गया था। महिला ने एक नेता एवं एक मास्टर सहित एक और आरोपी पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था।