रेवाड़ी शहर के सेक्टर चार में एक करीब चार साल का मासूम बच्चा रहस्यमय तरीके से लापता हो गया। बच्चे को उसकी मां ने ही स्कूल वैन में बैठाया था, लेकिन वह स्कूल में नहीं पहुंचा। बच्चे के लापता होने के बाद हड़कंप मच गया। सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। कड़ी मशक्कत के करीब तीन घंटे बाद पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया। हुआ यू कि बच्चे को उसकी मां ने ही गलती से दूसरे स्कूल की वैन में बैठा दिया।
मां ने भूलवश बेटे को दूसरे स्कूल की वैन बैठाया
जानकारी के अनुसार शहर के सेक्टर-चार निवासी ललित का बेटा भावेश शहर के चैतन्या स्कूल में कक्षा एलकेजी में पढ़ता है। सोमवार सुबह ललित की पत्नी भावेश को छोड़ने के लिए घर के पास ही स्कूल वैन में बैठाने गई थी। महिला ने अपने बेटे को गलती से किसी अन्य स्कूल की वैन में बैठा दिया। बच्चा काफी देर तक जब स्कूल नहीं पहुंचा तो स्कूल की तरफ से परिवार को फोन किया गया।
सीसीटीवी की जांच के बाद पता चला
फोन आते ही परिजनों के होश उड़ गए। परिजनों ने तुरंत मॉडल टाउन थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने फौरन मामले में कार्रवाई करते हुए जगह-जगह लगे सीसीटीवी कैमरे चैक किए। इसके बाद पता चला कि बच्चे को उसकी मां ने ही किसी दूसरे प्राइवेट स्कूल की वैन में बैठा दिया। तीन घंटे बाद ही पुलिस ने बच्चे को दूसरे स्कूल से बरामद कर लिया है। बाद में बच्चे को परिजनों के हवाले कर दिया गया।