शहर के मोहल्ला यादव नगर में मंगलवार रात दुकानदार को गोली मारकर जान लेने की कोशिश करने की वारदात में तीन नामजद हुए हैं। इसके अलावा कुछ अज्ञात के खिलाफ भी हत्या के प्रयास की धारा में मुकदमा दर्ज हुआ है। जिन आरोपियों के खिलाफ रामपुरा थाने में नामजद मुकदमा दर्ज हुआ है उनमें गुलाबी बाग निवासी खोटू, शिव कॉलोनी निवासी अजीत, उत्तम सैनी हैं।
सुभाष बस्ती निवासी भूपेंद्र की यादव नगर लोको के पास मीट की दुकान है। मंगलवार की रात दुकान पर आए बाइक सवार बदमाशों ने भूपेंद्र को गोली मार दी थी। पुलिस के अनुसार आरोपी आपराधिक किस्म के हैं, लेकिन भूपेन्द्र के साथ उनकी न तो कोई रंजिश थी और ना ही कोई झगड़ा हुआ था।
घटना के वक्त आरोपी भूपेंद्र से किसी का पता पूछ रहे थे और बातों ही बातों में आरोपी ने गोली चला दी, जो भूपेंद्र को लगी। भूपेंद्र ही हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। जांचकर्ता बलवान सिंह ने बताया कि आरोपियों की पहचान हो चुकी है। उनकी टीम आरोपियों की तलाश कर रही है।