फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डंपर ने मारी टक्कर, बाइक सवार बेटे की मौत मां गंभीर

Sun, 16 Oct 2016 11:54 PM IST
ब्यूरो /अमर उजाला
विज्ञापन
विज्ञापन
भाड़ावास रोड पर हरि नगर कट के पास एक डंपर की टक्कर से अलवर निवासी बाइक सवार मां-बेटे गंभीर घायल हो गये। उपचार के दौरान बेटे ने अस्पताल में दम तोड़ दिया जबकि मां को गंभीर हालत में रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया। परिजनों ने घायल महिला को स्थानीय निजी अस्पताल में ही भर्ती कराया है।
विज्ञापन


दूसरी तरफ नाराज लोगों ने डंपर के शीशे तोड़कर कुछ देर जाम लगाकर अपना विरोध जताया। पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। इसके बाद डीसी के नाम सौंपे ज्ञापन में लोगों का कहना था कि पिछले कुछ दिनों में कई लोग इस मार्ग पर हुए हादसों में अपनी जान गंवा चुके हैं। इस मार्ग पर स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की।  

राजस्थान अलवर के भुनगड़ा अहीर निवासी अजय कुमार (38) अपनी मां माया देवी के साथ बाइक में रेवाड़ी की तरफ आ रहा था। प्रत्यक्षदर्शी नवीन और प्रमोद के मुताबिक करीब साढ़े दस बजे बाइक भाड़ावास रोड पर हरि नगर कट पर पहुंची थी कि भाड़ावास फाटक की तरफ से आ रहा एक डंपर अचानक हरि नगर कट की तरफ मुड़ गया। इस कारण बाइक तेजी से आ रही डंपर से जा टकरा गई। हादसे में अजय और उसकी मां डंपर की चपेट में आ गए।
विज्ञापन


ट्रामा सेंटर में रुकी अजय की सांसें
हादसे के बाद मां-बेटे दोनों को स्थानीय लोग उपचार के लिए ट्रामा सेंटर ले गए। काफी देर तक संघर्ष करने के बाद अजय की सांसें थम गईं। उसकी मां माया देवी की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें रोहतक पीजीआई रेफर किया गया। परिजनों ने उनको ब्रास मार्केट स्थित एक हास्पिटल में शिफ्ट करा दिया। वहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

15 दिन में चार हादसे, तीन की मौत
घटना के बाद गुस्साए लोगों ने डंपर की विंड स्क्रीन चकनाचूर कर दी। स्थानीय लोगों ने भाड़ावास सड़क को दोनों तरफ से रोक दिया। लोगों का कहना था कि हरि नगर कट के आसपास के क्षेत्र में पिछले 15 दिनों में ही चार हादसे हो चुके हैं। इनमें से तीन लोग अपनी जान गवां चुके हैं। इसके अलावा आए दिन दोपहिया वाहन टकराते रहते हैं।

पहुंचे उपायुक्त दरबार, तीन ब्रेकर बनवाने की मांग
स्थानीय निवासी जसबीर, पवन कुमार, अशोक कुमार, आनंद प्रकाश, सीताराम, सुरेंद्र चौधरी घटना के बाद उपायुक्त कैंप ऑफिस पहुंचे। लोगों की मांग थी कि कुछ दिनों में हरि नगर कट के आसपास कई हादसे हो चुके हैं। इसमें लोगों को जान गंवानी पड़ रही है। हादसों के मद्देनजर हरि नगर कट के आसपास कम से कम तीन स्पीड ब्रेकर बनवाने की जरूरत है। उपायुक्त की गैर मौजूदगी में उनके स्टेनो ने ज्ञापन लिया और पुलिसकर्मियों ने अगले तीन दिन में ब्रेकर बनवाने का आश्वास दिया।
-----------
हरि नगर कट और इसके आसपास आए दिन हादसे होते रहते हैं। बावजूद इसके प्रशासन नहीं चेत रहा। इसी के चलते एक और जान गई। -संदीप, निवासी, अकबरपुर
--------
डंपर की रफ्तार बेहद तेज थी। मोड़ते समय वह बाइक को नहीं बचा सका। इस कारण यह हादसा हुआ। -प्रमोद कुमार, प्रत्यक्षदर्शी
--------
स्पीड अगर कुछ कम होती तो शायद हादसा नहीं होता। डंपर ने बाइक सवारों को देखने के बावजूद गाड़ी रोकने की कोशिश नहीं की। -महावीर, न्यू आदर्श नगर
--------
लगातार होने वाले हादसों के चलते स्पीड ब्रेकर के लिए कई बार कहा गया है। बावजूद इसके कोई कार्रवाई नहीं होती है। -नवीन, न्यू आदर्श नगर
--------
हादसे के बाद वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।  - जयभगवान, चौकी प्रभारी, सेक्टर-3 पुलिस चौकी
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें