बावल थाना पुलिस ने मारपीट के दौरान एक युवक को लोहे की रॉड तथा पाइप से पीट-पीटकर जान से मारने की कोशिश करने के दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच कर रहे एएसआई महेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों की पहचान आसरा का माजरा निवासी दिनेश तथा सुरेन्द्र के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि 15 अगस्त की रात को माजरा निवासी कृष्ण, विशाल उर्फ रिंकू तथा परमानन्द गाड़ी लेकर सुठानी सेक्टर-2 से अपने घर जा रहे थे तभी साबन चौक के पास एक सफारी गाड़ी उनकी कार के सामने लगा दी गई। सफारी में आसरा का माजरा निवासी मन्जीत बैठा था तथा थोड़ी देर में मोटर साइकिलों पर धर्मबीर, महेश, सुरेन्द्र, सुरेश, अंकित, दिनेश, नारायण, विकास, राहुल, जोगेन्द्र तथा सन्जीत अपने- अपने हाथों में लाठी- डंडे तथा रॉड आदि लेकर वहां आए और उनकी गाड़ी के शीशे तोड़ने के साथ ही विशाल उर्फ रिंकू को नीचे उतारकर पीटा।
कृष्ण तथा परमानन्द ने छुड़ाने की कोशिश की तो उन्हें भी मारने लगे तथा जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। पुलिस ने कृष्ण की शिकायत पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की थी। पुलिस ने मामले में आरोपी मन्जीत को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।