हत्या के मामले में जेल में बंद आरोपी ने गांव माजरा में चल रहे मिक्सिंग प्लांट के ठेकेदार से रंगदारी मांगी है। बदमाश के भाई ने भी मिक्सिंग प्लांट से रोड़ी सप्लाई करने वाले व्यक्ति से प्रति टन कमीशन देने की धमकी दी है। शुक्रवार को कुछ युवकों ने जबरदस्ती प्लांट भी बंद करा दिया था। ठेकेदार की शिकायत पर कुंड चौकी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
राजस्थान के अलवर जिले के गांव बलाहीर निवासी धीरज कुमार यहां गांव माजरा स्थित एक मक्सिंग प्लांट में ठेकेदार हैं। उन्होेंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गांव रामपुरा निवासी कृष्ण कुमार सप्लायर हैं। वहीं एक रेलवे कांट्रेक्टर की गोली मारकर हत्या करने के आरोप में विपिन नारनौल जेल में बंद है। धीरज के पास एक युवक ने फोन कर कहा कि वह विपिन बोल रहा है तथा यहां प्लांट में काम करना है तो पैसे देने पड़ेंगे, नहीं तो उसे जान से मार दिया जाएगा।
आरोप है कि विपिन के भाई नरेंद्र ने भी सप्लायर कृष्ण कुमार को प्रति टन 12 रुपये कमीशन की मांग की। पैसे नहीं देने पर प्लांट को बंद कराने की धमकी दी। पैसे देने में आनाकानी करने पर शुक्रवार को नरेंद्र कुछ युवकों के साथ प्लांट पर पहुंचा तथा जबरदस्ती बंद करा दिया। शुक्रवार को धीरज ने मामले की शिकायत कुंड चौकी पुलिस को दी थी।
इस पर पुलिस ने नरेंद्र व विपिन के खिलाफ रंगदारी मांगने व धमकी देने का मामला दर्ज कर लिया है। इस संबंध में कुंड चौकी प्रभारी एएसआई यशवंत ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने दोनों भाइयों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। विपिन अभी जेल में बंद है और नरेंद्र की तलाश की जा रही है। फोन पर विपिन ने धमकी दी या किसी और ने इसका पता पूछताछ के बाद ही लग पाएगा।