शहर के नामी नवदीप ज्वैलर्स से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में एसपी की स्पेशल स्टाफ टीम ने डॉक्टर गैंग के गुर्गे गांव छितरोली निवासी अनिल उर्फ खड्डा को गिरफ्तार किया है। आरोपी एक अन्य मामले में भौंडसी जेल में बंद था, जिसे प्रोडक्शन वारंट पर लेकर एक दिन की रिमांड पर भी लिया गया था।
विशेष अनुसंधान अधिकारी एएसआई भगवान दास ने बताया कि 31 मई 2015 की शाम को नवदीप ज्वैलर्स के मालिक दीपक सोनी से मोबाइल पर महेंद्रगढ़ के कुख्यात बदमाश डॉ. कुलदीप ने पांच करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी थी। रंगदारी न देने पर अंजाम भुगतने की धमकी भी दी थी। पुलिस ने स्वर्ण व्यापारी की शिकायत पर डॉ. कुलदीप के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
अगले दिन एक जून की दोपहर बाइक पर सवार होकर तीन बदमाश नवदीप ज्वैलर्स के शोरूम पर पहुंचे और फायरिंग शुरू कर दी थी। पुलिस ने मामले में एक गांव ढाकिया निवासी इंग्लिश उर्फ विक्रम को मौके पर ही काबू कर लिया था। पुलिस जांच में अनिल उर्फ खड्डा का भी नाम सामने आया था। इस मामले में मुख्य आरोपी डॉ. कुलदीप और अन्य तीन आरोपी भी गिरफ्तार हो चुके हैं।