मॉडल टाउन थाना क्षेत्र के गांव जाटूवास में विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक ने एक सात साल की बच्ची को रौंद दिया। हादसा जब हुआ तो बच्ची घर के बाहर ही खड़ी थी। घटना के बाद चालक मौके से भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया था।
जानकारी के अनुसार गांव जाटूवास निवासी शंकर की बेटी खुशी (7) सोमवार देर शाम घर के बाहर ही खड़ी थी। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक ने खुशी को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही दूरी पर पड़ी बजरी में जाकर फंस गया। घटना के बाद चालक मौके से भाग गया, वहीं गंभीर रूप से घायल बच्ची को परिजन गांव के लोगों की मदद से उपचार के लिए ट्रामा सेंटर ले गए।
यहां चिकित्सकों ने गंभीर हालत के चलते उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। रास्ते में ले जाते समय बच्ची की मौत हो गई। जिसके बाद शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया। जांचकर्ता राकेश ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।