चोरी करने घर में घुसे चोरों ने जागने पर बुजुर्ग महिला को गला घोटकर मार डाला
अमर उजाला ब्यूरो
खोल। खोल थाना क्षेत्र के गांव कंवाली में चोरों ने घर में घुसकर बुजुर्ग महिला की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने संभावना जताई है कि महिला ने या तो चोरों को पहचान लिया था या फिर आंख खुलने पर चोरों ने उसकी हत्या कर दी। महिला की हत्या के बाद गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मृतका के बेटे की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की सरगर्मी से लाश शुरू कर दी है।
कंवाली निवासी स्व. बलबीर सिंह की पत्नी ज्ञाना देवी अपने दो बेटों से अलग पैतृक मकान में रहती थी। ज्ञाना देवी के साथ बल्लभगढ़ में रहने वाले बेटे का दस वर्षीय पुत्र रहता था। मृतका का पोता भी पांच दिन पहले ही अपने ननिहाल चला गया था। ज्ञाना देवी का एक बेटा गांव में ही रहता है। वीरवार रात को वह अपने कमरे के बाहर अकेली ही सोई थी। पुलिस ने बताया कि रात के समय घर में चोर घुसे हैं। उन्होंने महिला की आंख खुलने पर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। मृतका के गले पर दबाने के निशान थे। कानों से भी काफी खून बह रहा था। इसके अलावा उसके पास जो मोबाइल था वह भी गायब मिला है। साथ ही जिस कमरे के बाहर वह सोई थी, वह खुला मिला है। उसका पूरा सामान खंगाला गया है। कमरे की एक अलमारी का भी ताला टूटा मिला लेकिन उससे यह नहीं पता चला है कि इसमें कितनी नकदी और जेवरात चोरी हुए हैं।
पुलिस और परिजनों ने बताया कि ज्ञाना देवी ने दो भैंस पाल रखी थीं। भैंसों का दूध बेचकर ही वह अपना जीवन यापन करती थी। भैंसों के लिए वह प्रतिदिन खेतों से हरा चारा लेकर आती थी। शुक्रवार सुबह जब पड़ोस की एक महिला उसको बुलाने के लिए गई तो उसने देखा कि वह चारपाई पर मृत पड़ी है। इसके बाद महिला ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को मामले की जानकारी दी। हत्या की जानकारी कुछ ही देर में पूरे गांव में फैल गई। इसके बाद ज्ञाना का बड़ा बेटा मुकेश कुमार घर पर पहुंचा। उसने मामले की सूचना खोल पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद खोल थाना प्रभारी बिजेंद्र सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे तथा मुआयना करने के बाद उच्चाधिकारियों को मामले से अवगत कराया। इसके बाद डीएसपी सुरेश कुमार हुड्डा भी एफएसएल की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या और लूटपाट का लग रहा है। खोल थाना पुलिस ने मृतका के बेटे मुकेश की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
-------------
प्रथम दृष्टया मामला चोरी और हत्या का ही लग रहा है। चोरी के इरादे से आए बदमाशों ने ही नींद खुलने अथवा पहचाने जाने के डर से बुजुर्ग महिला की हत्या की है। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि चोर यहां से कितना सामान या जेवरात-नकदी लेकर गए हैं। मृतका का मोबाइल भी गायब है इसलिए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। - बिजेंद्र सिंह, प्रभारी खोल थाना