घर में घुसकर दो भाई और उनकी बुआ पर किया हमला
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। गांव जामनी में घर में घुसकर दो युवकों व उनकी बुआ पर उसके ही पड़ोसियों ने हमला कर दिया। इसमें तीनों घायल हो गया। पुलिस ने युवक की शिकायत पर तीन लोगों को नामजद करते हुए दो अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस को दी शिकायत में गांव जामनी वासी संदीप ने कहा कि वह अपने ही गांव के मनीष के खेत में ट्रैक्टर लेकर गया था। तभी उसके चाचा के लड़के प्रदीप व प्रवीण ने इस पर एतराज जताया। संदीप ने कहा कि वह ट्रैक्टर लेकर वापस घर आ गया। रात को साढ़े नौ बजे प्रदीप व प्रवीण ने घर में घुसकर उस पर हमला कर दिया। जब उसका भाई अनिल छुड़ाने आया तो आरोपियों ने उस पर भी हमला कर दिया। मारपीट देखकर उसकी बुआ शांति छुड़ाने आई तो उसकी चाची मुन्नी ने बुआ की पिटाई कर दी। अन्य ग्रामीणों के मौके पर पहुंचने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। संदीप ने कहा कि इन तीनों के अलावा दो अन्य युवक भी थे, जिन्होंने हमलावरों का साथ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।