बिना डिग्री क्लीनिक चला रहे चार कथित डॉक्टर सीएम फ्लाइंग ने धरे
रेवाड़ी। प्रदेशभर में एक साथ बिना डिग्री धारक कथित डॉक्टरों के खिलाफ की गई कार्रवाई का असर रेवाड़ी में भी देखने को मिला। सीएम फ्लाइंग की ओर से हुई कार्रवाई में रेवाड़ी शहर एवं बावल में दो-दो डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनके खिलाफ मामला दर्ज कर हिरासत में लिया गया। गली कूचों में बिना अनुमति चल रहे अवैध क्लीनिकों के खिलाफ हुई कार्रवाई में रेवाड़ी के दुर्गा कॉलोनी एवं नई आबादी में दो कथित डॉक्टरों के खिलाफ 420 एवं आईएसी एक्ट के तहत कार्रवाई हुई है। सुबह नौ बजे शुरू हुई कार्रवाई के बाद सीएम फ्लाइंग बावल कस्बे में पहुंची। यहां पर टीम ने बनीपुर चौक स्थित एक बंगाली क्लीनिक पर कार्रवाई के बाद बावल के हुसनपुर मोहल्ला स्थित एक दुकान में चल रहे क्लीनिक पर छापेमारी की। इन दोनों डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई कर बावल पुलिस को सौंप दिया गया।
---
कार्रवाई की सूचना मिलते ही शहर
सुबह के समय जैसी ही शहर के फाटक पार स्थित दुर्गा कॉलेानी में एक वर्मा क्लीनिक पर सीएम प्लाइंग की रेड हुई। शहर में यह खबर आग की तरह फैल गई। सभी झोलाछाप कथित डॉक्टर अपनी दुकानें बंद कर चंपत हो गए। शहर के अधिकतर वार्डों में कुकुरमुत्ते की तरह फैले बंगाली एवं अन्य क्लीनिक संचालक देखते-देखते अंडरग्राउंड हो गए। उल्लेखनीय है कि शहर के 31 वार्डों में सैकड़ों की संख्या में गैर रजिस्टर्ड डॉक्टर लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं।
---
डीसीओ बगैर हुई कार्रवाई महज खानापूर्ति
सीएम फ्लाइंग में सीआईडी के साथ नागरिक अस्पताल के डॉक्टर सुधीर भी मौजूद रहे, लेकिन बड़ा सवाल यह है कि बिना डिस्ट्रिक्ट ड्रग कंट्रेालर के कार्रवाई महज खानापूर्ति दिख रही है। सीएम फ्लाइंग ने 420 के तहत मामला दर्ज किया है। यदि डीसीओ साथ रहे होते तो झोलाछाप डॉक्टरों के वहां से दवाइयां बरामद कर ड्रग एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई हो सकती थी। दुर्गा कॉलोनी में सत्यप्रकाश, नई आबादी में रघुनाथ, एवं बनीपुर चौक पर बंगाली डॉक्टर एवं हसनपुर मोहल्ले में डॉ. मंजू के खिलाफ 420 एवं आईएमसी एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ है।
---
वर्जन-
सीएम फ्लाइंग ने सुबह एक डॉक्टर मांगा था। हमने यहां से डेॉक्टर सुधीर को नियुक्त कर दिया था। इसके बाद फ्लाइंग ने दो रेवाड़ी एवं दो बावल में बगैर डिग्री धारक कथित डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की है। यह एक अच्छी पहल है। ऐसेे डॉक्टर लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं।
-डॉ सुदर्शन पंवार, सीएमओ, रेवाड़ी।