रेवाड़ी। रोहतक सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा है कि मनेठी में एम्स की घोषणा करके बाद में उस वायदे से पलटना दक्षिण हरियाणा का अपमान है। यह इस क्षेत्र के साथ तिरस्कार की राजनीति है जो कि मुख्यमंत्री द्वारा की गई है। यदि भाजपा सरकार मनेठी में एम्स बनाने के अपने वादे को पूरा करने में असमर्थ है तो कांग्रेस सरकार आएगी तब वह उनके वायदे को अवश्य पूरा करेगी। इस मांग को लेकर उन्होंने उपायुक्त अशोक कुमार शर्मा को प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन भी सौंपा।
उपायुक्त को ज्ञापन सौंपने के बाद पत्रकारों से बातचीत में सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि मनेठी के ग्रामीण इस संघर्ष की घड़ी में अपने आप को अकेला नहीं समझे। उन्होंने कहा कि यदि यह घोषणा दबाव में कराई गई है तो उस समय नहीं करनी चाहिए और बाद में यह कहना कि यह घोषणा वैसे ही हो गई थी, यह सबसे बड़ा अपमान है। जनता की अदालत में की गई घोषणा को हरहाल में पूरा किया जाना चाहिए। सांसद ने कहा कि 9 जनवरी को कैबिनेट मीटिंग में तीन नए एम्स खोलने की घोषणा की गई है जबकि यहां का नाम तक नहीं आना इस बात को दर्शाता है कि सरकार ग्रामीणों के संघर्ष की अभी तक अनदेखी कर रही है। हुड्डा ने कहा कि अब बजट सत्र में मनेठी में एम्स की मांग को जोरशोर से उठाया जाएगा तथा ग्रामीण के इस हक की लड़ाई को सड़क से संसद तक लड़ा जाएगा।
धरनास्थल पर भी पहुंचे सांसद
सांसद रेवाड़ी में ज्ञापन सौंपने से पूर्व मनेठी में चल रहे धरनास्थल पर भी पहुंचे। यहां ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि एम्स के निर्माण की घोषणा करने के बाद उससे मुकरना गलत है और ऐसी सरकार को सत्ता में रहने का कोई हक नहीं है। इस क्षेत्र में उच्च चिकित्सा सुविधाओं के से एम्स का निर्माण किया जाना बहुत आवश्यक है। इस एम्स का न केवल हरियाणा अपितु राजस्थान के भी कई जिलों को लाभ होगा। उन्होंने कहा कि सर्दी व भूख की परवाह किए बिना 104 दिन से धरना प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों से मिलने प्रदेश सरकार का कोई भी प्रतिनिधि नहीं आना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार की जनविरोधी नीतियों से लोगों का मोहभंग हो चुका है। प्रदेश में हर वर्ग के लोग परेशान हो रहे हैं। उधर 104 वे दिन भी ग्रामीणों का अनिश्चितकालीन धरना रविवार को भी जारी रहा। रविवार को क्रमिक अनशन में गांव बोहतवास निवासी परमाल सिंह, यशवंत सिंह, कृष्ण प्रसाद, देशराज, मुरारी लाल, बिरेंद्र सिंह, रघपत सिंह, कृष्ण लाल नंबरदार, ईश्वर सिंह व विनोद शर्मा आदि ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर पूर्व सीपीएस राव दानसिंह, पूर्व मंत्री जसवंत सिंह, पूर्व सीपीएस अनीता यादव, अक्षत राव, महावीर यादव मसानी, संघर्ष समिति अध्यक्ष श्योताज यादव, सचिव ओमप्रकाश सैन व आजाद सिंह नांधा सहित अन्य मौजूद रहे।