सेवानिवृत्त महिला प्राचार्या से दो लाख की रंगदारी मांगने का एक आरोपी गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। पुलिस ने झोटा गैंग के सदस्य संदीप सोनी के साथ मिलकर सेवानिवृत्त प्राचार्या के बेटे को गोली मारने की धमकी देकर दो लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने 16 जून की रात को सेवानिवृत्त प्राचार्या के घर पहुंचकर रात के समय फायरिंग कर दबाव भी बनाना चाहा था। गिरफ्तार आरोपी बोडिया कमालपुर निवासी प्रदीप उर्फ लोढा है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 16 जून की रात को करीब 11 बजे स्विफ्ट कार में सवार होकर उक्त आरोपी और झोटा गैंग का गुर्गा संदीप सोनी अपने दो अन्य साथियों के साथ शहर में तीन स्थानों पर फायरिंग की। वारदात से शहर के लोगों में भय व्याप्त हो गया था। बदमाशों ने एक सेवानिवृत्त महिला प्राचार्या के घर पर लगी घंटी बजाई। जैसे ही दरवाजा खुला आरोपियों ने महिला से दोबारा दो लाख रुपये की रंगदारी देने को कहा। रंगदारी नहीं देने पर उसके बेटे को गोली मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ रंगदारी मांगने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी थी। सीआईए की टीम ने वीरवार शाम को एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
------------
आईजी ने की थी रात को गश्त
इस घटना के बाद शहर के लोगों को सुरक्षा के प्रति आश्वस्त कराने के मकसद से आईजी श्रीकांत जाधव ने घटना के कुछ बाद रात को शहर में गश्त करने के साथ ही पीड़ित परिवारों के सदस्यों से भी मुलाकात की थी। सेवानिवृत्त प्रिंसिपल के घर पर पुलिस की ओर से सुरक्षाकर्मी भी तैनात किए हुए हैं। इसके बावजूद भी बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया।