कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
कोसली थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने शहर के गौतमनगर निवासी एक युवक पर नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म करने व अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाते हुए महिला थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस को दी शिकायत में युवती ने कहा है कि वर्ष 2015 में वह बावल स्थित एक कंपनी में काम करती थी। इसी दौरान उसकी पहचान गौतम नगर निवासी राजीव शर्मा के साथ हो गई। 24 मई 2015 को राजीव ने उसे अपने जन्मदिन की पार्टी में घर आने का निमंत्रण दिया, परंतु उसने इंकार कर दिया। बार-बार आग्रह करने पर वह उसके घर आ गई, लेकिन घर में पार्टी जैसा कोई माहौल नहीं था। राजीव ने उसे अपनी मां, बहन, भाभी व भाई के बच्चों से मिलवाया।
युवती का आरोप है कि राजीव उसे अलग कमरे में ले गया, जहां उसे पीने के लिए कोल्ड ड्रिंक दी। कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद वह बेहोश गई। राजीव ने बेहोशी की हालत में उसके साथ दुष्कर्म किया। होश आने पर उसे अपने साथ हुए दुष्कर्म का पता चला। इस दौरान उसने पुलिस में शिकायत देने की बात कही तो राजीव ने उसे शादी करने का झांसा दिया और बनाई गई अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी भी दी। इसके बाद राजीव उसे वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लगातार दो साल तक दुष्कर्म करता रहा। बाद में उसे पता चला कि राजीव पहले से ही शादीशुदा है। महिला ने आरोपी पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया। महिला ने रविवार को राजीव व उसके परिवार के खिलाफ महिला थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने नशीला पदार्थ खिलाने, दुष्कर्म करने व अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।