सनसिटी कॉलोनी के पास शव मिला, चेहरा कुचला
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
शहर के हुडा बाईपास स्थित सनसिटी कॉलोनी में रविवार सुबह झाड़ियों में एक शव मिला है। मृतक के चेहरे पर चोट के निशान हैं। पुलिस ने हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया है। पुलिस ने बताया कि शव को शिनाख्त के लिए नागरिक अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया है।
हुडा बाईपास स्थित सनसिटी कॉलोनी के लोग जब मार्निंग वॉक के लिए निकले तो सड़क किनारे झाड़ियों के समीप एक शव पड़ा देखा। इसके बाद लोगों ने तुरंत ही इसकी सूचना शहर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त कार्रवाई प्रारंभ की लेकिन उसके पास पहचान संबंधी कोई दस्तावेज नहीं मिला। पुलिस ने बताया कि मृतक के केवल चेहरे पर ही चोट के निशान है तथा आंख के पास से काफी खून निकला हुआ है। ऐसे में किसी भी प्रकार की अन्य घटना से भी इंकार नहीं किया जा सकता है। पुलिस ने आसपास में रहने वाले लोगों से भी मृतक की शिनाख्त का प्रयास किया, परंतु कामयाबी नहीं मिल पाई। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर मदन लाल ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 45 वर्ष है। शरीर पर सफेद व काली धारीदार शर्ट, नीले रंग का लोवर पहना हुआ है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को शिनाख्त के लिए नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। मौत के कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता लग पाएगा।