अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। राजस्थान के भिवाड़ी में रहने वाला एक व्यक्ति खुद के साथ हुई लूटपाट की घटना की शिकायत दर्ज कराने के लिए पिछले पांच दिन से कभी शहर थाना तो कभी जीआरपी थाने के चक्कर काट रहा है। आखिर बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के हस्तक्षेप के बाद जीआरपी ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है। शिकायत के अनुयार 23 फरवरी को शहर के रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे एक बिहार निवासी कंपनी कर्मचारी से आधा दर्जन युवकों ने मारपीट कर करीब 37 हजार रुपये की नकदी छीन ली वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपी वहां से फरार हो गए थे।
जानकारी के अनुसार बिहार के समस्तीपुर जिला निवासी मनोज रज्जाक राजस्थान के भिवाड़ी कस्बा में एक कंपनी में कार्य करता है। 23 फरवरी को वह अपने गांव जाने के लिए शहर के रेलवे स्टेशन पर आया था। वह दिन में करीब 11 बजे स्टेशन पर बैठा हुआ था। इसी दौरान करीब आधा दर्जन युवकों ने उसको दबौच लिया तथा उसका स्टेशन के समीप एक गली में ले जाकर उसकी जेब से 17 हजार रुपये व एटीएम से 20 हजार चार सौ रुपये निकाल लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश वहां से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित मनोज रज्जाक ने स्टेशन पर मौजूद एक पुलिसकर्मी को आपबीती बताई। पुलिस कर्मी ने उसे शहर थाना में भेज दिया। शहर थाना पुलिस ने इसे जीआरपी के क्षेत्र का मामला बताकर जीआरपी थाना में भेज दिया। पीड़ित को वहां सेभी भगा दिया गया।
26 फरवरी को पुलिस अधीक्षक को दी शिकायत
पीड़ित मनोज ने बताया कि दोनों थानों में सुनवाई नहीं होने पर उसने पुलिस अधीक्षक के पास शिकायत लगाई। इसके बाद उसे शहर थाना में भेज दिया गया, लेकिन वहां से एक फिर जीआरपी थाने में भेज दिया गया। जीआरपी पुलिस ने पीड़ित को बुधवार को थाने में आने के लिए कहा।
27 फरवरी को दर्ज की शिकायत
जीआरपी ने पीड़ित को मनोज रज्जाक को बुधवार को थाने में बुलाया तथा शिकायत दोबारा लिखवाकर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कार्रवाई शुरू कर दी है। बदमाशों ने करीब 37 हजार रुपये की लूट की है। पुलिस ने स्टेशन पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद ही आरोपियों का सुराग लगाया जाएगा।
-कृष्ण कुमार, जांच अधिकारी जीआरपी थाना