पुलिसकर्मी की हत्या के मामले में आरोपी दो दिन के रिमांड पर
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। शहर के राजेश पायलट चौक पर एक पुलिसकर्मी की पिकअप से कुचलकर हत्या करने और एक अन्य पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमला करने के मामले में आरोपी को पुलिस स्थानीय अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। राजस्थान के निंबाहेड़ा निवासी आरोपी शागीर उर्फ सामीर को पुलिस किशनगढ़बास जेल से प्रोडेक्शन वारंट पर लाई है। पुलिस ने आरोपी को स्थानीय अदालत से दो दिन के रिमांड पर लिया है।
जांचकर्ता एसआई जयभगवान ने बताया कि 10 अप्रैल 2016 की रात को एएसआई राजेंद्र सिंह, कांस्टेबल धर्मबीर, सिपाही राजेश कुमार व सिपाही राज सिंह राजेश पायलट चौक पर नाकाबंदी की ड्यूटी पर थे। रात करीब दो बजे मॉडल टाउन पीसीआर से मैसेज मिला कि एक सफेद रंग की पिकअप गाड़ी है और उस पर नंबर प्लेट भी नहीं है। उसमें गायें भरी हुई हैं। उसमें पीछे चार-पांच एवं आगे तीन लोग सवार हैं। राजेश पायलट चौक पर पुलिस की टीम ने पिकअप को रुकवाने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपियों ने नाकाबंदी तोड़ सिपाही राजसिंह को कुचल दिया। अन्य पुलिसकर्मियों पर पिकअप चढ़ाने का प्रयास किया। पिकअप से कुचलने से राज सिंह की मौत हो गई थी। पुलिस ने इस मामले में एएसआई राजेंद्र सिंह की शिकायत पर हत्या, हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा डालने, गो-तस्करी व अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। इस मामले में पुलिस पहले भी आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।