कार और डंपर के बीच भिड़ंत, चार की मौके पर मौत
अमर उजाला ब्यूरो
खोल (रेवाड़ी)।
रेवाड़ी-नारनौल रोड पर जिला के बॉर्डर पर स्थित राजस्थान के गांव काठूवास के पास शनिवार सुबह कार और डंपर के बीच जबरदस्त भिड़ंत में चार लोगों की मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर कुंड पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और राजस्थान की मांढ़ण पुलिस को भी सूचना दी। हादसा इतना भीषण था कि चारों शव कार को काटकर बाहर निकाले गए। पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार राजस्थान के गांव काठूवास के पास नारनौल से दिल्ली की तरफ जा रही कार की सामने से आ रहे डंपर से जबरदस्त भिड़ंत हो गई। कार में प्रकाशचंद, नवीन कुमार, तेन सिंह निवासी जिला झुंझुनू और पंकज निवासी बोरनिया की ढाणी खेतड़ी सवार थे। ये सभी दिल्ली से घर जा रहे थे। सुबह करीब साढ़े चार बजे यह हादसा हुआ जिसमें चारों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले में राजस्थान के अलवर जिले के मांढण थाना की पुलिस कार्रवाई कर रही है।