अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। धारूहेड़ा थाना क्षेत्र के गांव खटावली के समीप तीन कारों में सवार एक दर्जन युवकों ने डेयरी संचालक के साथ जमकर मारपीट की तथा दो हवाई फायर कर जान से मारने की धमकी दी। घायल राजेश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपियों ने कार में भी तोड़फोड़ की। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार खटावली निवासी राजेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका गांव में दूध की डेयरी का काम है। वह शाम को खटावली के बस स्टैंड के पास खड़ा था। इसी दौरान तीन कारों में सवार होकर करीब डेढ़ दर्जन युवक वहां पहुंचे तथा लाठी-डंडों से राजेश साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुन कर ग्रामीण व दुकानदार भी मौके पर पहुंचे। भीड़ एकत्रित होने पर युवकों ने दो हवाई फायर भी कर दिए। आरोपित जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। राजेश को मारपीट के दौरान गंभीर चोटें लग गई है। फिलहाल उन्हें रेवाड़ी के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि घायल युवक के बयान दर्ज कर मारपीट व हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।