रेवाड़ी। शहर के सरकुलर रोड स्थित सती कॉलोनी चौक पर शुक्रवार रात स्कार्पियो गाड़ी को साइड नहीं देने पर हुए विवाद में बदले की भावना से महेश सैनी की गैंग से जुड़े आदित्य की हत्या के आरोपियों को पुलिस 24 घंटे बाद भी गिरफ्तार नहीं कर सकी है। हालांकि पुलिस का दाबा है कि संभावित स्थानों पर दबिश देकर आरोपियों को काबू करने की कोशिश की जा रही है।
शुक्रवार रात को स्कापियो गाड़ी को साइड नहीं देने पर महेश गैंग के सदस्यों ने आसलवास निवासी ओमवीर और हनुमान पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात का बदला लेने के लिए घायलों के परिवार के लोग देर रात सती कॉलोनी चौक पर पहुंचे । पलटवार करते हुए महेश गैंग से संबंध रखनेे वाले आदित्य की गोली मार कर हत्या कर दी। शहर थाना पुलिस ने हत्या के मामले में आसलवास के पूर्व सरपंच धर्मपाल समेत छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस द्वारा छापामारी की जा रही, लेकिन अभी किसी का भी सुराग नहीं मिल पाया है। इस घटना से शहर में दहशत का माहौल है। एहतियात के तौर पर पुलिस भी तैनात की गई है।
हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने संभावित स्थानों पर दबिश दी है, लेकिन आरोपियों का पता नहीं लग पाया है। जल्द ही पुलिस आरोपियों को काबू कर लेगी।
- महाबीर सिंह, एसआई शहर थाना।