रेवाड़ी। नौकरी से निकाले जाने से आहत दो युवकों ने दुकान मालिक को सबक सिखाते हुए शहर के कोनसीवास रोड स्थित कमला मार्केट में स्थित एक किराना की दुकान में सेंधमारी कर करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी की चोरी कर ली। चोरी की घटना से परेशान व्यापारी ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो चोरी की घटना से पर्दा उठा। उसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को काबू कर लिया।
पुलिस के अनुसार कोनसीवास रोड निवासी विनोद कुमार की समीप ही कमला मार्केट में दैनिक बाजार के नाम से किराना की दुकान है। पुलिस को दी शिकायत में विनोद ने बताया कि उसनेे विकास नगर निवासी साहिल और चरखीदादरी के बौंदकलां निवासी हनुमान को अपनी दुकान में नौकरी रखा था। दोनों की हेराफेरी को लेकर कई बार शिकायत आ चुकी थी, इसलिए उन्हें नौकरी से निकाल दिया गया। इसके बाद भी दुकान में नकदी चोरी की घटना रुकी नहीं। बाद में सीसीटीवी फुटेेज खंगाले गए तो उसमें दुकान के दोनों पुराने नौकरी चोरी करते हुए दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
चोरी नहीं रुकी तो दुकान में लगाए सीसीटीवी
दुकान में कई दिनों सेे हो रही चोरी की घटना का सुराग नहीं मिलने पर दुकान मालिक ने दुकान में सीसीटीवी कैमरे लगवाए। इसके बाद आरोपियों द्वारा की गई चोरी की घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। जिससे चोरी की घटना का सुराग मिला।
दुकान मालिक की शिकायत पर मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को काबू कर लिया गया है। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने दुकान मालिक को सबक सिखाने की बात स्वीकार की। दोनों आरोपी शिकायतकर्ता की दुकान के पूर्व कर्मचारी थे।
-योगेश कुमार, जांच अधिकारी थाना माडल टाउन