रेवाड़ी। 12 मई को लोकसभा चुनाव मतदान को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए जिला पुलिस के साथ सीमा सुरक्षा बल और गुजरात पुलिस के जवानों ने मोर्चा संभाल लिया है। गुरुवार को फोर्स ने पूरे जिले में फ्लैग मार्च कर लोगों को सुरक्षा का एहसास कराया। इसके अलावा संवेदनशील व अतिसंवेदनशील बूथों का निरीक्षण किया गया।
एसपी राहुल शर्मा ने बताया कि चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक चौबंद रहेगी तथा मतदान प्रक्रिया में किसी भी प्रकार का व्यवधान डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। चुनाव को लेकर सभी तैयारियां पूरी हो चुकी है। चुनावी ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। एसपी राहुल शर्मा ने बताया कि जिला में 55 अति संवेदनशील व 38 संवेदनशील बूथ है, जिनमें रेवाड़ी विधानसभा क्षेत्र में 11 संवेदनशील व 10 संवेदनशील पोलिंग बूथ है। बावल विधानसभा क्षेत्र में 17 संवेदनशील व 7 संवेदनशील पोलिंग बूथ है तथा कोसली क्षेत्र में 27 संवेदनशील व 21 संवेदनशील पोलिंग बूथ है। उन्होंने बताया कि इन सभी बूथों पर पुलिस व फोर्स के जवानों की विशेष नजर रहेगी। इसके अलावा फोर्स द्वारा जिले में कॉम्बिंग अभियान चलाया गया है तथा शहर में प्रवेश करने वाले मुख्य मार्गों पर नाकाबंदी की गई है। इसके अलावा लगातार वाहनों की जांच कर बाहर से आने वाले वाहनों पर निगरानी की जा रही है।