मोबाइल और बाइक की चाबी छीनने की वारदात में शामिल आरोपी गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। जाटूसाना थाना क्षेत्र से मोबाइल और बाइक की चाबी छीनने की वारदात में शामिल एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मुरलीपुर निवासी मनीष के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार 18 जनवरी को भारत फाइनेंस कंपनी का मैनेजर योगेंद्र सिंह गांव मुरलीपुर से किस्त के रुपये एकत्रित करके वापस कोसली स्थित अपने कार्यालय जा रहा था। इसी दौरान मुरलीपुर और कान्हड़वास के बीच में आरोपी मनीष अपने एक साथी के साथ बाइक पर खड़ा मिला। उन्होंने बाइक को रुकवा लिया। आरोपी मनीष बाइक पर बैठा रहा और उसके दूसरे साथी ने मारपीट करते हुए योंगेद्र से रुपये से भरा बैग छीनने की कोशिश की, लेकिन योगेंद्र सिंह के विरोध करने पर आरोपी उसका मोबाइल फोन व बाइक की चाबी छीनकर फरार हो गए। पुलिस ने योगेंद्र की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर रविवार रात आरोपी मनीष को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार आरोपी को अदालत में पेश किया गया। वहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।