फांसी पर लटका मिला छात्रा का शव
कटरा में साइंस फैकल्टी के सामने निजी हॉस्टल में घटना
नहीं मिला कोई सुसाइड नोट, घरवालों ने भी साधे रखी चुप्पी
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। कर्नलगंज में इलाहाबाद विश्वविद्यालय के विज्ञान संकाय के पास स्थित एक निजी हॉस्टल में रहने वाली आईटीआई की छात्रा संदिग्ध हाल में फांसी पर लटकी मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की वजह अभी साफ नहीं है।
राजकुमार हेला कौशाम्बी के अजुहा के रहने वाले हैं। वह पशुपालन विभाग में तैनात हैं। उनके तीन बेटियों व दो बेटों में सबसे छोटी पल्लवी(19) आईटीआई की छात्रा थी। वह इविवि विज्ञान संकाय के पास स्थित निजी गर्ल्स हॉस्टल में रहकर एसएससी परीक्षाओं की तैयारी भी कर रही थी। उसकी रूम पार्टनर दो दिन पहले घर चली गई थी। रविवार को पूरे दिन पल्लवी दिखाई नहीं दी। उसका कमरा भीतर से बंद था। बगल के कमरे में रहने वाली छात्राओं ने शाम को आवाज दी लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। बहुत देर तक भीतर से कोई जवाब नहीं मिलने पर साथी छात्राओं ने खिड़की से झांककर भीतर देखा तो उनके होश उड़ गए। पल्लवी फांसी के फंदे पर लटकी हुई थी। सूचना पर पुलिस पहुंची और दरवाजा तोड़कर कमरे के भीतर दाखिल हुई। जानकारी पर घरवाले पहुंचे और पूछताछ के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, प्रथमदृष्टया यही लग रहा है कि छात्रा ने जान दी। उधर घरवाले भी कुछ बता नहीं सके। इंस्पेक्टर सत्येंद्र सिंह ने बताया कि घरवालों ने यह जरूर बताया है कि छात्रा मानसिक रूप से परेशान थी। जांच की जा रही है।